बिलासपुर। जिला का जनमंच कार्यक्रम विधानसभा क्षेत्र सदर बिलासपुर के रावमापा चांदपुर में 8 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश विधानसभा उपाध्यक्ष हंस राज करेंगे। उपायुक्त रोहित जम्वाल ने जनमंच कार्यक्रम में शामिल की गई 7 पंचायतों में प्रचार-प्रसार करने के लिए सोमवार को प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन लोगों के घर-द्वार पर पहुंचकर समस्याओं का निवारण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के कारण प्रदेश सरकार द्वारा कुछ समय के लिए जनमंच कार्यक्रम को स्थगित किया गया था। लेकिन 8 नवंबर से जनमंच कार्यक्रम फिर से शुरू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनमंच कार्यक्रम के लिए विधानसभा क्षेत्र बिलासपुर सदर की 7 पंचायतें चयनित की गई हैं। जिनमें चांदपुर, बल्ह बल्वाणा, कंदरौर, निचली बटैड, बामटा, कुड्डी, रघुनाथपुरा शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रचार वाहन प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं व कार्यक्रमों के बारे में जागरूक करेगा तथा लोगों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित करेगा। जनमंच 10 बजे आरंभ होगा। जनमंच में अपनी शिकायतों के निवारण के लिए चिन्हित पंचायतों के लोग अपने आवेदन पत्र पंजीकरण करवाना सुनिश्चित कर लें। उन्होंने बताया कि शामिल की गई पंचायतों में 3 नवंबर को सुबह 11 बजे चांदपुर और 2 बजे बल्ह बल्वाणा, 4 नवंबर को 11 बजे कंदरौर, 2 बजे निचला बस स्टैंड, 5 नवंबर को 11 बजे बामटा, 2 बजे कुड्डी और 6 नवंबर को 11 बजे रघुनाथपुरा ग्राम पंचायतों में प्री जनमंच शिविरों का आयोजन किया जाएगा।