घुमारवीं(बिलासपुर)। आम लोगों की समस्याओं का घर-द्वार पर समाधान करने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से हर माह में जनमंच कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जनमंच कार्यक्रम में जहां आम लोगों की समस्याओं को सुना जा रहा है, वहीं मौके पर उनका समाधान भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
प्री जनमंच गतिविधियों के तहत वीरवार को ग्राम पंचायत भपराल और सलाओं उपरली के लोगों के लिए शिविरों का आयोजन किया गया। प्री जनमंच शिविरों की अध्यक्षता एसडीएम घुमारवीं शशि पाल शर्मा ने की। उन्होंने बताया कि रविवार 2 फरवरी घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की राजकीय प्राथमिक केंद्र पाठशाला भराड़ी में जनमंच कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जनमंच कार्यक्रम के लिए विधानसभा क्षेत्र घुमारवीं की विशेष रूप से चयनित छह पंचायतें, जिनमें घंडालवीं, मरहाणा, भपराल, भराड़ी, गतवाड़ और सलाओं उपरली के निवासियों की शिकायतों और समस्याओं को सुना जाएगा और मौके पर ही समाधान सुनिश्चित बनाया जाएगा। उन्होंने इन पंचायत के निवासियों से आग्रह किया कि वे अपनी शिकायतों और समस्याओं से संबंधित आवेदन पत्र 28 जनवरी 2020 तक अपने पंचायत सचिव के पास के पास ऑनलाइन पंजीकृत करवा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 24 जनवरी को ग्राम पंचायत गतवाड़ में प्री-जनमंच कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भपराल से 3 और सलाओं, उपरली पंचायत से 11 शिकायत पत्र प्राप्त हुए। मौके पर ही राजस्व विभाग द्वारा 9 इंतकाल, 2 विभिन्न प्रमाण पत्र, 5 शपथ पत्र किए गए और दोनों पंचायतों में 31 आधार कार्ड अपडेट किए। 2 नए आधार कार्ड बनाए गए और आयुष्मान भारत योजना के कुल 37 कार्ड, हिमकेयर योजना के 15 कार्ड बनाए गए। पंचायतीराज विभाग की ओर से परिवार नकल सहित कुल 18 पंचायत संबंधित विभिन्न प्रमाण-पत्र जारी किए गए। स्वास्थ्य विभाग के पास सहारा योजना के तहत 2 आवेदन प्राप्त हुए।