- दीवारों पर चढ़ कर विद्युत वायरिंग की कर रहीं मरम्मत
- अब इलेक्ट्रिकल ट्रेड में बढ़ रही लड़कियों की रुचि
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला(बिलासपुर)। राजकीय महिला आईटीआई बिलासपुर में इलेक्ट्रिकल ट्रेड की 40 छात्राएं बिजली के उपकरणों से खेल रही हैं। छात्राओं का जुनून इतना है कि दीवारों पर चढ़ कर विद्युत वायरिंग की मरम्मत भी कर रही हैं।
महिला आईटीआई बिलासपुर में साल 2017 में इलेक्ट्रिकल ट्रेड शुरू किया गया था। शुरू के कुछ साल में इस ट्रेड में छात्राओं ने ज्यादा रुचि नहीं दिखाई। पिछले दो साल से छात्राओं का इस ट्रेड के प्रति रुझान काफी अच्छा है। वर्तमान में इस ट्रेड की सभी 40 सीटें भरी हुई हैं। पुरुष प्राथमिकता वाले इस ट्रेड में प्रवेश लेना इन छात्राओं के कुछ अलग कर जाने के जुनून को दिखाता है। जानकारी के अनुसार दो साल के इस ट्रेड में 150 घंटे फील्ड में प्रशिक्षण लेना अनिवार्य है। इसी के तहत इस ट्रेड के प्रशिक्षुओं को विद्युत बोर्ड, नालागढ़ और बद्दी स्थित कंपनियों में प्रशिक्षण दिया जाता है। इन दिनों महिला आईटीआई की छात्राएं फील्ड में विद्युत कर्मचारियों और इंस्ट्रक्टर से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। वीरवार को कुछ छात्राएं आईटीआई परिसर में विद्युत वायरिंग की मरम्मत करती नजर आईं। महिला आईटीआई के प्रधानाचार्य ओंकार सिंह ने बताया कि इलेक्ट्रिक ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं छात्राओं की नामी कंपनियों में प्लेसमेंट हो रही है। आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकीं कई छात्राएं विद्युत बोर्ड लाइन मेन आदि पदों पर सेवाएं दे रही हैं। लड़कियों को सिखाने में उन्हें कोई दिक्कत नहीं आ रही है। लड़कियां पूरी मेहनत और लगन के साथ अपने ट्रेड से संबंधित कार्यों को कर रही हैं।