हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर लुहणू कनैता में मनाया विश्व हृदय दिवस
स्वास्थ्य शिक्षक विजय कुमारी शर्मा ने दिए सेहतमंद रहने के टिप्स
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। खंड स्तरीय विश्व हृदय दिवस हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर लुहणू कनैता में मनाया गया। इसकी अध्यक्षता गांव की लोकल लीडर उमा भारद्वाज ने की।
कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी और भाषण प्रतियोगिता भी कराई गई। भाषण प्रतियोगिता में कांता देवी ने पहला, हेमा देवी ने दूसरा और सीमा देवी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में राजेंद्र ने पहला, मीना देवी ने दूसरा, प्रियंका ने तीसरा, रतनी देवी ने चौथा और प्रवीण शर्मा ने पांचवां स्थान प्राप्त किया।
स्वास्थ्य शिक्षक विजय कुमारी शर्मा ने बताया कि हृदय को स्वस्थ रखने के लिए हम सभी को शारीरिक श्रम, 6 से 8 घंटे की गहरी नींद, तंबाकू, अल्कोहल का सेवन न करना, तनाव का जल्दी से प्रबंध करना, ध्यान करना, प्राणायाम करना, अत्यधिक तली भुनी चीजों का कम से कम प्रयोग करना, खुश रहना, अपनी सोच को सकारात्मक बनाए रखना, मधुर संगीत सुनना आदि आदतें और सभी बातें दिल को स्वस्थ रखती हैं।
उन्होंने कहा कि 30 साल से अधिक आयु के लोगों को वर्ष में एक बार अपने रक्तचाप की जांच करवानी चाहिए। इससे हृदय संबंधी समस्याओं का निपटान आरंभिक लक्षणों के साथ ही हो सकेगा। जंक फूड, प्रोसेस्ड फूड आदि का अत्यधिक सेवन भी हृदय के लिए हानिकारक है।