बिलासपुर। होम आईसोलेशन में उन्हीं कोरोना पॉजिटिव मरीजों को रखा जाएगा, जिनमें कोविड-19 का कोई भी लक्षण न हो या हल्के लक्षण हों। मरीज की आयु 60 वर्ष से कम हो और उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग, दमा, क्रॉनिक लिवर, गुर्दे की बीमारी, एचआईवी, कैंसर, सॉरी ब्रो वेस्कुलर रोग आदि से ग्रसित न हो। इस बात की जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर डॉ. प्रकाश दड़ोच ने दी।
उन्होंने बताया कि होम आईसोलेशन के लिए निवास पर मरीज के लिए अलग से शौचालय और हवादार कमरे की सुविधा होनी चाहिए। रोगी अपने स्वास्थ्य की निगरानी करने के लिए और नियमित रूप से स्वास्थ्य की स्थिति को निगरानी अधिकारी को सूचित करने के लिए सहमत हो। उन्होंने बताया कि रोगी के घर के बाहर होम आईसोलेशन का बोर्ड लगाया जाएगा। रोगी को होम आईसोलेशन के लिए लिखित रूप से सहमति पत्र देना होगा। घर पर कोई भी 60 वर्ष से अधिक आयु का व्यक्ति नहीं होना चाहिए। दर्शाई गई बीमारियों में से कोई भी बीमारी नहीं होनी चाहिए। देखभाल करता यदि महिला है तो वह गर्भवती नहीं होनी चाहिए।
मरीज को कम से कम 2 बार सुबह और शाम स्वास्थ्य का परीक्षण करना होगा। अगर मरीज का तापमान 100 से ज्यादा हो या पल्स 24 प्रति मिनट से अधिक हो तो इसकी सूचना 104 अथवा चिह्नित अधिकारी, निगरानी अधिकारी को तुरंत दें।