बरमाणा में मंगलवार को सामने आया था वीडियो, लोगों ने नशे में होने के लगाए थे आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बरमाणा में होमगार्ड जवान के वीडियो वायरल मामले में गृह रक्षा विभाग ने विभागीय जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही विभाग मामले में कार्रवाई करेगा।
बता दें कि मंगलवार को बरमाणा में होमगार्ड के जवान का वीडियो वायरल हुआ है जिसमें लोग जवान के साथ हाथापाई कर रहे हैं। लोगों का कहना था कि जवान नशे में है। वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस और गृह विभाग की ओर से इसमें जांच शुरू की गई। यह जवान गृह रक्षा विभाग की ओर से बरमाणा थाना में अटैच किया गया था। बताया जा रहा है कि जवान ड्यूटी खत्म कर शराब का सेवन कर रहा था। सड़क पर नशे की हालत में पाया गया। लोगों ने उसे चेतावनी दी, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई और लोग वीडियो में जवान के साथ हाथापाई करते दिखाई दिए। लोगों ने होमगार्ड जवान की मौके पर वीडियो बनाई। उधर, होमगार्ड के कमांडेंट बिलासपुर सुशील कुमार ने बताया कि विभाग की ओर से जांच शुरू की गई है। गहनता से जांच की जाएगी, जिसके बाद विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बरमाणा थाना की ओर से भी मामले को लेकर रिपोर्ट मांगी गई है।