मोबाइल कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस, आखिरी बार बातचीत करने वालों से पूछताछ
खेत में मिला था लापता व्यक्ति का शव
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना क्षेत्र के तहत लद्दा गांव में लापता व्यक्ति सुरेश कुमार का शव खेत में मिलने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामला सामने आने के बाद अब पुलिस तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर हर पहलू को खंगाल रही है।
जांच के तहत पुलिस मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाल रही है। सुरेश कुमार ने लापता होने से पहले जिन-जिन लोगों से बातचीत की थी, उन्हें पूछताछ के लिए तलब किया जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि कॉल रिकॉर्ड और मोबाइल डेटा से मामले के अहम सुराग मिल सकते हैं। जानकारी के अनुसार मृतक को आखिरी बार दो अज्ञात युवकों के साथ देखा गया था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में भी पूछताछ का दायरा बढ़ाया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट को जांच में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिनसे मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हत्या का है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है।
बताते चलें कि लद्दा गांव निवासी सुरेश कुमार एक अप्रैल से लापता थे। रोजमर्रा के काम के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने इसकी शिकायत भराड़ी थाना में दर्ज करवाई, जिसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल की अंतिम लोकेशन ट्रेस की, जो लद्दा स्कूल के पास पाई गई। इसी आधार पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया, जहां खेत में सुरेश का शव बरामद हुआ। पुलिस उपाधीक्षक विशाल वर्मा ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट का इंतजार है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।