संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। जिला इंटक कार्यकारिणी की बैठक वीरवार को इंटक कार्यालय घुमारवीं में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान रूप सिंह ठाकुर ने की। इस दौरान यह निर्णय लिया गया कि लोकसभा चुनावों के मद्देनजर इंटक ने चारों विधानसभा क्षेत्र में चुनाव-प्रचार के लिए संयोजक नियुक्त किए हैं।
रूप सिंह ठाकुर ने बताया कि सदर से रमेश कुमार, घुमारवीं से धर्म सिंह, झंडूता से चैन सिंह, श्री नयना देवी जी से जगतार सिंह बैंस को संयोजक नियुक्त किया गया। यह सभी संयोजक अपने क्षेत्र में कमेटियां गठित कर प्रधान को सूचित करेंगे। उन्होंने कहा कि बैठक में चुनावों को लेकर चर्चा की गई और निर्णय लिया गया कि इंटक लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का समर्थन करेगी। इससे पहले भी इंटक ने हिमाचल प्रदेश के चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनाने में सहयोग दिया था। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा इंटक पर प्रतिबंध लगाना उचित नहीं है। इंटक के करीब 20 हजार कामगार सरकार के निर्णय से प्रभावित हैं। जो शक्तियां पहले इंटक के पास थीं। उन्हें सुचारू रूप से बहाल किया जाए। इस मौके पर दिनेश कुमार, जगदीश कुमार, जगदीश ठाकुर, किशोरी लाल और लक्ष्मी दत्त सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।