केमरी (बिलासपुर)। ग्राम कुइया तालमहावर के पास शनिवार को हुए सड़क हादसे में घायल बाइक सवार दूसरे छात्र की भी रविवार की रात मौत हो गई। इस घटना उनके घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया है।
केमरी के मोहल्ला तकिया निवासी ट्रांसपोर्टर हफीज अहमद का पुत्र समीर अहमद (17) नगर के मिल्टन एजुकेशनल एकेडमी में हाईस्कूल में पढ़ता था। इसी मोहल्ले का अफजाल अहमद का पुत्र शाहनवाज (13) उसका गहरा दोस्त था। पुलिस के अनुसार समीर शनिवार की शाम करीब साढ़े सात बजे बाइक से बिलासपुर की ओर जा रहा था। उसके साथ ही उसका दोस्त शाहनवाज भी बाइक पर पीछे बैठा था। पुलिस का कहना है कि केमरी बिलासपुर रोड स्थित ग्राम कुइया तालमहावर के पास समीर की बाइक सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। इस दौरान दोनों बाइकों पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल भेज दिया था, जिसमें समीर की रास्ते में ही मृत्यु हो गई थी। पुलिस के अनुसार शाहनवाज ने भी रविवार की देर रात जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। दोनों छात्रों की मृत्यु होने से दोनों घरों में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी राजीव गंगवार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद दोनों छात्रों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद सौंप दिया गया है। परिजनों ने उन्हें सुपुर्द ए खाक कर दिया है। पुलिस का कहना है कि बाइक चला रहे समीर ने हेलमेट नहीं लगाया था और न ही पीछे बैठने वाले शाहनवाज ने भी कोई हेलमेट नहीं लगाया था। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।