शिवा स्कूल घुमारवीं में एनएसएस शिविर के तीसरे दिन मुख्य वक्ता ने साइबर सुरक्षा की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शिवा इंटरनेशनल स्कूल घुमारवीं में आयोजित एनएसएस शिविर के तीसरे दिन की शुरुआत प्रभात फेरी के साथ हुई। स्वयंसेवियों के लिए योग सत्र आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझा। उसके बाद स्वयंसेवियों ने स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। इस दौरान साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल जागरूकता विषय पर विशेष सत्र का आयोजन किया गया। समारोह में साइबर सुरक्षा सेल मंडी से संजु कुमार ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। उन्होंने स्वयंसेवियों को डिजिटल सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, साइबर अपराधों की पहचान, सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग, मजबूत पासवर्ड बनाने, ओटीपी एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने और साइबर बुलिंग से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
उन्होंने बताया कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने इंटरनेट का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, संदिग्ध लिंक एवं फर्जी कॉल से सतर्क रहने और किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत संबंधित हेल्पलाइन एवं साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान स्वयंसेवियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञ ने सरल एवं प्रभावी ढंग से समाधान किया गया।
प्रधानाचार्य डॉ. शिल्पा गोयल ने कहा कि एनएसएस का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करना है। शिविर में स्वयंसेवियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और लघु नाटिका के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी शशि भूषण , कृतिका अबरोल आदि मौजूद रहे।