- बाहर से आ रहे वाहनों पर की जा रही सख्ती
- टैक्सियों और जान पहचान वाले वाहनों को सड़क किनारे खड़े रहने दी जा रही अनुमति
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। घुमारवीं शहर में जाम के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई है। यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए तैनात किए होमगार्ड जवान भी भाई भतीजा बाद की तर्ज पर वाहनों खड़े रहने और हटाने का काम करते हैं।
शहर में हालात यह हो गए हैं कि पुल से लेकर दकड़ी चौक तक के एक किलोमीटर के सफर को पूरा करने के लिए करीब आधा घंटा लग जाता है। होम गार्ड जवान बाहर से आने वाली गाड़ी पर तो सख्ती दिखाते हैं, लेकिन जान पहचान वालों और टैक्सियां, जो पूरा दिन सड़क के दोनों तरफ खड़ी रहती हैं, उनको हटाने के लिए कोई भी कदम नहीं उठाते। स्थानीय निवासी बबली पटियाल, नीरज, मनोज, मोंटू, दीपक आदि ने कहा कि शहर में जाम की समस्या दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। गांधी चौक के समीप जो सड़क मीट मार्केट को जाती है, वहां पर हर समय दोनों तरफ वाहन खड़े रहते हैं। ऐसे में जाम से निजात दिलाने के लिए तैनात होमगार्ड के जवान पूरी तरह विफल साबित होते हैं। दुकानदारों ने कहा कि दर्जनों टैक्सियां सड़क किनारे खड़ी होती हैं। ऐसे में कोई बाहरी व्यक्ति यदि सामान लेने के लिए दो मिनट भी अपनी गाड़ी रोकता है तो होमगार्ड के जवान उस सख्ती दिखाते हैं। सोमवार को भी ऐसा नजारा देखने को मिला। जान पहचान वाले लोगों और टैक्सियों को सरेआम सड़क किनारे खड़ा होने पर कोई कार्रवाई नहीं की गई, जबकि बाहर से आने वाले लोगों के वाहनों को उनके चालकों से बदसलूकी करते हुए हटाया गया। उधर, डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने बताया कि शहर को जाम की स्थिति से निजात दिलाने के लिए कार्य किया जा रहा है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर में तैनात कर्मचारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। भाई-भतीजा वाद की तर्ज पर कोई कार्य नहीं किया जाएगा।