घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल के बद्धाघाट वन बीट क्षेत्र में खैर के अवैध कटान मामले में गठित टीम ने रिपोर्ट तैयार कर ली है। टीम के प्रभारी बीओ मान चंद और गार्ड राहुल कुमार ने दो दिन में सभी 44 पेड़ों के 302 मोच्छे बरामद कर लिए हैं।
इस क्षेत्र में खैर कटान का काम चला हुआ है। वन काटुओं ने रात के अंधेरे में हिम्मर के जंगल से 44 पेड़ों को अवैध रूप से काट दिया था। विभाग के आला अधिकारियों ने कड़ा संज्ञान लेते हुए तुरंत प्रभाव से खंड के बीओ और गार्ड को निलंबित कर दिया था। एक टीम गठित कर शीघ्र रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए थे। टीम ने बद्धाघाट और कपाहड़ा क्षेत्र में नाले में छुपाए गई लकड़ी को बरामद कर लिया है। विभाग ने अज्ञात वन काटुओं के विरुद्ध पुलिस में मामला दर्ज करवा दिया है। छानबीन की जा रही है। बीओ मान चंद ने कहा कि क्षेत्र में जितने भी पेड़ काटे गए हैं, उनके 302 मोच्छे बरामद कर लिए गए हैं। रिपोर्ट तैयार कर आरओ को दे दी गई है। इसे डीएफओ बिलासपुर को सोमवार को सौंपा जाएगा।