बोले, श्री नयना देवी जी क्षेत्र में खनन माफिया बेखौफ
पुलिस अधिकारियों पर भी लगाए मिलीभगत के आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता व विधायक श्री नयना देवी जी रणधीर शर्मा ने प्रदेश कांग्रेस सरकार पर अवैध खनन को लेकर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सहित विधानसभा क्षेत्र श्री नयना देवी जी में सरकार के कर्णधारों के संरक्षण में अवैध खनन हो रहा है। रणधीर ने अवैध खनन में पुलिस अधिकारियों पर भी मिलीभगत के आरोप लगाए हैं।
बिलासपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद शराब, नशा, वन और खनन माफिया पूरी तरह सक्रिय है। शराब माफिया के दबाव में ठेकों की नीलामी हुई और लोगों की अनदेखी की गई। कहा कि प्रदेश में वन माफिया सरकार के संरक्षण में काम कर रहा है। धर्मपुर मंडी में तो अवैध लकड़ी का डिपो खोल गया था। इसके अलावा गगरेट, चंबा और सिरमौर में भी यही हालात है। उन्होंने कहा कि श्री नयना देवी जी के सीमावर्ती क्षेत्र में भी यही हालात हैं। कहा कि यहां से अवैध खनन हो रहा है और टिपर दिन-रात पंजाब जा रहे हैं। जब पंजाब मीडिया ने मामले को उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार के कर्णधारों के संरक्षण में हो रहा है। पुलिस के अधिकारियों की मिलीभगत से यह सब हो रहा है। रणधीर ने कहा कि शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। वन विभाग और खनन विभाग को भी शिकायत जाती हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती है। कहा कि हाल ही में स्वारघाट वन क्षेत्र में कटान हुआ, जिसमें करोड़ों रुपये का घोटाला हुआ। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि श्री नयना देवी जी के तहत प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत 34 करोड़ रुपये से धरोट-ग्वालथाई सड़क का कार्य चला हुआ है। उस सड़क को अवैध खनन के टिपर क्षतिग्रस्त कर रहे हैं। यह लोगों के साथ अन्याय है। रणधीर ने कहा कि संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारी समझे और इन माफियाओं पर कार्रवाई करें, अन्यथा भाजपा आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी। इस मौके पर भाजपा नेता नंदलाल ठाकुर और सोनल शर्मा मौजूद रहे।