14 फरवरी तक चलेंगी परीक्षाएं, दो सत्रों में होगा आयोजन
एडमिट कार्ड और फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य
संवाद न्यूज एजेंनी
बिलासपुर। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की सत्रांत परीक्षाएं 25 नवंबर से शुरू होंगी। परीक्षाएं 14 फरवरी तक चलेंगी। इसके लिए जिले में राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं और राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षाएं दो सत्रों में आयोजित की जाएंगी। पहला सत्र सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर दो से शाम पांच बजे तक चलेगा। राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सभी पंजीकृत विद्यार्थी इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड अनिवार्य होगा। इसके बिना किसी भी विद्यार्थी को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड के साथ अपना वैध फोटो पहचान पत्र भी लाना होगा। इसके लिए इग्नू आईडी कार्ड, आधार कार्ड या सरकार की ओर से जारी कोई अन्य मान्य फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत किया जा सकता है।
परीक्षा हॉल में डिजिटल उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध
समन्वयक ने स्पष्ट किया कि परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन, डिजिटल घड़ी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। विद्यार्थियों को ऐसे उपकरण परीक्षा केंद्र में साथ न लाने की सलाह दी गई है। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों से समय रहते परीक्षा की तैयारियां पूरी करने और निर्धारित नियमों का पालन करने का आग्रह किया है।