घंडीर में आयोजित हुई संयुक्त संघर्ष मोर्चा की बैठक
-बोले, समाज में लगातार बढ़ रही असमानता की खाई
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। संयुक्त संघर्ष मोर्चा की बैठक रविवार को घंडीर में हुई। मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सरदार कर्म सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में मांगों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
सरदार कर्म सिंह ने कहा कि भारत रत्न, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर ने समानता को ध्येय मानते हुए संविधान में प्रत्येक वर्ग को बराबरी का अधिकार दिया है, लेकिन आज भी कुछ मनुवादी ताकतें इन संवैधानिक प्रावधानों को लागू होने से रोक रही हैं, जिससे समाज में असमानता की खाई लगातार बढ़ती जा रही है। कहा कि प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में वर्षों से बैकलॉग के पद खाली पड़े हैं, जिन्हें आज तक नहीं भरा गया। हजारों की संख्या में अनुसूचित जाति, जनजाति, ओबीसी व अल्पसंख्यक समुदाय के शिक्षित एवं प्रशिक्षित युवा सरकारी नौकरी की आस में बैठे हैं, जबकि कई युवा आयु सीमा भी पार कर चुके हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि बिना किसी लाग-लपेट के नियमों के अनुसार बैकलॉग भर्तियों को शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने समय रहते इन रिक्त पदों को नहीं भरा, तो संयुक्त संघर्ष मोर्चा अपने युवा विंग के साथ मिलकर आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष भगत सिंह, करम सिंह, राजेंद्र पाल, गंभीर सिंह, नंद लाल, शंकर राम सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।