बस सेवा को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते बंदला के ग्रामीण। स्रोत: जागरूक पाठक
ग्रामीणों ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, 21 दिन से बस सेवाएं प्रभावित होने से परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बंदला और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बंद की गई एचआरटीसी की बस सेवाओं को बहाल करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बुधवार को उपायुक्त बिलासपुर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने कहा कि 21 सितंबर को भी इस संबंध में उपायुक्त कार्यालय में जनप्रतिनिधित्व सौंपा गया था, लेकिन अभी तक बस सेवाओं को बहाल नहीं किया गया है। इससे बंदला समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में कहा कि दोनों बस सेवाएं पिछले 21 दिनों से बंद हैं। यात्रियों की ओर से कई बार संबंधित एचआरटीसी अधिकारियों के समक्ष समस्या उठाई जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों की इस समस्या की अनदेखी से लोगों को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने उपायुक्त से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर संबंधित एचआरटीसी अधिकारियों को दोनों बस सेवाएं बुधवार को ही बहाल करने के निर्देश देने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बस सेवाएं बहाल नहीं की गईं तो नौ अक्तूबर को संबंधित एचआरटीसी अधिकारी के कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि बस सेवाओं की बहाली में लगातार देरी के कारण होने वाले धरना-प्रदर्शन की जिम्मेदारी संबंधित विभाग और अधिकारियों की होगी।