बिलासपुर। सरकार के साथ ही विभिन्न सामाजिक संस्थाएं जल संरक्षण अभियान के लिए जन जागरूकता अभियान चला रही हैं, लेकिन डियारा सेक्टर में जलशक्ति विभाग की लापरवाही से हजारों लीटर पानी सुबह-शाम बर्बाद हो रहा है।
पानी की इस बर्बादी को रोकने के लिए विभाग कोई उचित कदम नहीं उठा रहा है। पेयजल आपूर्ति के लिए बिछाई गई पाइप लाइन जगह-जगह से टूटी हुई है। जिससे पानी की सप्लाई शुरू होते ही लोगों के घरों और गलियों में पानी पूरी तरह फैल जाता है।
डियारा सेक्टर बिलासपुर में जलशक्ति विभाग की पेयजल लाइन में जगह-जगह से शरारती तत्वों ने कट लगाए हैं। वहीं पानी लोगों के घरों के अंदर घुस रहा है। वहीं रास्ते पर भी पानी जमा हुआ है। इस कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, डियारा सेक्टर के प्रीतम, जोगिंदर कौर, गुरदीप, प्रवीण, जस्सी, गोल्डी, अनीश, मनोज कुमार ने बताया कि डियारा सेक्टर में लोगों को इस समस्या से आए दिन जूझना पड़ता है। वहीं कई लोगों के घरों में पीने का पानी नहीं पहुंच पाता है।
लोगों का कहना है कि गलियों में जमा पानी घरों के अंदर घुस जाता है। वहीं बच्चे भी यहां खेलते रहते हैं। हर टाइम पानी रहने से वहां बहुत ज्यादा फिसलन हो जाती है। जिससे वहां कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इस संबंध में विभाग के अधिशासी अभियंता अरविंद वर्मा ने बताया कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। वे विभाग के कर्मचारियों को इस बारे में उचित दिशा निर्देश जारी कर समस्या का समाधान करवाएंगे।