बिलासपुर। दिल्ली के गाजीपुर बार्डर पर चल रहे किसान आंदोलन में पुलिस प्रशासन के आक्रामक रुख को देखकर किसान नेता राकेश टिकैत की भावुक अपील पर स्थानीय क्षेत्र के अलावा उत्तराखंड के सैकड़ों किसान गुरुवार की रात रवाना हो गए।
दिल्ली बार्डर पर चल रहे किसान आंदोलन के दौरान गुरुवार की शाम भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने भावुक अपील की थी। वहीं, किसानों के वापस लौटने से परेशान किसान नेता तेजिंदर सिंह विर्क ने गुरुवार की रात में ही गाजीपुर बार्डर से ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो डाली, जिसमें वह परेशान मुद्रा में स्थानीय क्षेत्र के अलावा सीमांत प्रदेश उत्तराखंड के रुद्रपुर, गदरपुर, किच्छा, सितारगंज, खटीमा, काशीपुर आदि क्षेत्र के किसानों से अपील की कि वह लोग रात में ही दिल्ली पहुंचकर आंदोलन में भाग लें। किसान सूत्रों के मुताबिक, किसान नेता की भावुक अपील से स्थानीय और उत्तराखंड के किसानों में उबाल आग या और रात में ही सैकड़ों की संख्या में किसान अपने-अपने वाहनों से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। वहीं, भाकियू से जुड़े तमाम किसान भी दिल्ली के आंदोलन में भाग लेने के लिए रवाना हो गए हैं। लोगों का कहना है कि गुरुवार की रात को दिल्ली गए किसानों का भले ही किसी ने भी नेतृत्व नहीं किया है, मगर पुलिस प्रशासन व खुफिया तंत्र को भी किसानों के दिल्ली जाने की भनक तक नहीं लगी है।