मीरा देवी एंड पार्टी करेंगी बाबा नाहर सिंह का गुणगान
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं की ग्राम पंचायत मोरसिंघी के गांव मसधाण एवं बछड़ी में स्थित प्राचीन बाबा नाहर सिंह बजिया ठाई मंदिर में 19 मई को विशाल भंडारे और जागरण का आयोजन किया जाएगा।
बाबा नाहर सिंह बजिया समिति मसधाण-बछड़ी की ओर से होने वाले कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह बना हुआ है। समिति के प्रधान पंडित प्रेम सागर और उपप्रधान हर्षुल ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस साल भी पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं सनातनी परंपराओं के अनुसार धार्मिक आयोजन संपन्न करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 19 मई को दोपहर 12:30 बजे ठाई मंदिर परिसर में स्थित पवित्र पेड़ पर विधिवत झंडी चढ़ाने की रस्म अदा की जाएगी। उसके बाद मंदिर में पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पूजा-अर्चना के बाद बाबा नाहर सिंह बजिया को पारंपरिक रोट अर्पित किया जाएगा और श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा होगा। समिति ने गांव के सभी लोगों से मंगलवार सुबह 8 बजे मंदिर परिसर में पहुंचकर भंडारे की तैयारियों एवं सेवा कार्य में सहयोग देने का आग्रह किया है। रात्रि 9 बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक मंदिर परिसर में भव्य जागरण और कीर्तन संध्या होगी। कार्यक्रम में डिहर गांव की प्रसिद्ध लोकल गायिका मीरा देवी एंड पार्टी विशेष रूप से बाबा नाहर सिंह बजिया का गुणगान करेंगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करें।