भराड़ी (बिलासपुर)। हिमाचल पथ परिवहन निगम के हमीरपुर डिवीजन में निगम के 210 रूट शुरू किए हैं, ताकि लोगों को आवाजाही के लिए परेशानी न हो।
वहीं, इस डिवीजन के तहत आने वाले पांच बस डिपो देहरा, ऊना, नालागढ़, बिलासपुर और हमीरपुर में हर दिन निगम को करीब 8 लाख रुपये का कैश आ रहा है। विभाग की मानें तो इन रूट पर नो प्रॉफिट नो लॉस पर निगम की बसें चल रही हैं, लेकिन बिलासपुर डिपो में निगम को घाटा उठाना पड़ रहा है।
हमीरपुर डिवीजन के डीएम कंवर अवतार सिंह ने बताया कि पूरे डिवीजन में 210 रूट चले हुए हैं। रोजाना बीस हजार किलोमीटर के करीब बसें चल रही हैं । बुधवार को पांच जिलों में 210 रूटों पर 23 हजार 370 किलोमीटर सफर तय करते हुए निगम की बसों में सवारियों को लाया और ले जाया गया।
जिसमें निगम को आठ लाख पांच हजार 886 रुपये की आमदन हुई। डीएम के मुताबिक अभी तक बिना लाभ हानि के बसें चल रही हैं। निगम की बसों को कुल मिलाकर 34 रुपये प्रति किलोमीटर की आय हो रही है। कुछ रूट घाटे में चल रहे हैं। इस कारण अगर एक दिन में आठ लाख रुपये आय हो रही है तो तेल खर्च मिलाकर भी उतना हो रहा है।
बिलासपुर में 70 रूटों पर चल रही निगम की बसें
बिलासपुर में पथ परिवहन निगम रोजाना 70 रूटों पर बसें दौड़ा रहा है। निजी बसों के चलने से निगम को जिले में घाटा उठाना पड़ रहा है। कर्फ्यू खुलने के दौरान पहले दिन करीब 60 रूटों पर निगम की बसें चलाई गई थी। बाद में लोगों की मांग के अनुसार 10 और रूट बढ़ाकर कुल 70 रूटों पर निगम ने बसें चलाना शुरू कर दिया है। आरएम के मुताबिक रोजाना निगम को घाटा हो रहा है, लेकिन लोगों की सहूलियत के लिए बसें लगातार चलाई गई हैं। सरकार की ओर से निजी बस ऑपरेटरों की मांगें मानने के बाद अब निजी बस मालिकों ने भी जिले के सभी रूटों पर बसें चला दी हैं। इस कारण भी सरकारी बसों में सवारियां कम हो रही हैं, लेकिन जिन रूटों पर सवारी मिल रही है उनमें से कई बसों में निगम 50 फीसदी सवारी का पालन नहीं करवा पा रहा है। आरएम केएल यादव ने बताया कि जिले में 70 रूटों पर चलने वाली बसों में सवारियां नाममात्र बैठ रही हैं। जिसके चलते लोकल रूटों पर बसों के तेल का खर्च भी नहीं निकल पा रहा है। कहा कि निगम को जिला में हर दिन नुकसान पर बसें चलाना पड़ रही है।
इनसेट
नहीं हो रहा नियमों का पालन
जिले से लांग रूट पर जाने वाली एचआरटीसी की बसों में 50 फीसदी सवारी बिठाने के नियमों का पालन नहीं हो पा रहा है। कई बसों में 100 फीसदी से ज्यादा सवारी सफर कर रही हैं।