- घर के बाहर खड़े वाहन भी आग की चपेट में आए
-प्रशासन ने दी फौरी राहत, तैयार किया नुकसान का प्राक्कलन
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। उपमंडल झंडूता की ग्राम पंचायत बलोह के गांव फगोग में रात के समय रिहायशी मकान में आग लग गई। आग लगने से मकान मालिक को लाखों रुपये का नुकसान हो गया। साथ ही घर के बाहर खड़े वाहन भी आग की चपेट में आ गए। प्रशासन की ओर से परिवार को फौरी राहत प्रदान की गई है।
जानकारी के अनुसार अमरनाथ शर्मा परिवार सहित दूसरे मकान में सोए हुए थे। रात करीब ढाई बजे जब वह बाहर निकले उन्हें पता चला कि उनके ग्रीन हाउस के पास बने मकान में आग लगी हुई है। सभी ग्रामवासियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि बुझने का नाम नहीं ले रही थी। थोड़ी देर बाद दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक घर के बाहर खड़ी बाइक, स्कूटर और कार पूरी तरह जल गई। मकान मालिक अमरनाथ ने मकान के अंदर नया मकान बनाने के लिए इमारती लकड़ी बिजली का सामान रखा हुआ था वह भी जलकर राख हो गया। इसके अलावा टुल्लू पंप, पेट्रोली आरा, भार करने की दो मशीन, तीन सबमर्सिबल, तीन बोरी खाद सहित ग्रीन हाउस की सीट और जरूरी कागजात सब जलकर राख हो गए। पुलिस और बिजली बोर्ड व राजस्व विभाग के अधिकारियों ने मुआयना कर 10 लाख रुपये के नुकसान का प्राक्कलन तैयार किया है। स्थानीय पंचायत प्रधान संगीता देवी, पूर्व प्रधान परमजीत धीमान, वार्ड सदस्य हंसराज सहित अन्य ग्रामीणों ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
एसडीएम झंडूता योगराज धीमान ने भी स्वयं मौके पर निरीक्षण किया और 25 हजार रुपये फौरी राहत देने की घोषणा की। इसमें से पांच हजार मौके पर ही दे दिए गए। उन्होंने कहा कि जो भी नुकसान हुआ है उसका प्राक्कलन तैयार कर लिया गया है। सरकार से जैसे ही मंजूरी मिलेगी इनको मुआवजा दे दिया जाएगा।