प्राचीन शिव मंदिर लग दयो में देवी भागवत कथा का किया आयोजन
परमवीर चक्र विजेता कैप्टन संजय कुमार, सेवानिवृत्त नायब सूबेदार सुनील चंदेल को दिया सम्मान
संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं (बिलासपुर)। झंडूता उपमंडल के कोटधार क्षेत्र स्थित प्राचीन शिव मंदिर लग दयो में श्री देवी भागवत कथा के दौरान कोटधार नलवाड़ मेला एवं शिव शक्ति विकास समिति ने परमवीर चक्र विजेता कैप्टन संजय कुमार और सेवानिवृत्त नायब सूबेदार सुनील चंदेल को सम्मानित किया।
कोटधार क्षेत्र में श्री देवी भागवत कथा के दौरान मेला समिति की ओर से आयोजित समारोह में दोनों वीर सपूतों को शॉल व माला पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, मेला समिति के पदाधिकारी और कथा श्रवण कर रहे श्रद्धालु मौजूद रहे। कोटधार नलवाड़ मेला समिति के संस्थापक अमरनाथ धीमान ने बताया कि परमवीर चक्र विजेता कैप्टन संजय कुमार को समिति का सदस्य बनाए जाने के उपलक्ष्य में सम्मानित किया गया । वहीं नायब सूबेदार सुनील चंदेल को उनकी 24 वर्ष की सराहनीय सैन्य सेवा के लिए विशेष रूप से सम्मान दिया गया। बताया कि कैप्टन संजय कुमार ने समिति को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया है। बताते चलें कि लग दयो का प्राचीन शिव मंदिर कोटधार क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिवर्ष नलवाड़ मेला आयोजित होता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु भाग लेते हैं। दोनों वीरों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश सेवा और सामाजिक कार्यों को जीवन में प्राथमिकता देनी चाहिए।