बिलासपुर। झंडूता तहसील के भदोल गांव निवासी और संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय वाराणसी के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा को राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की मानद कर्नल रैंक से सम्मानित किया गया। एनसीसी ग्रुप मुख्यालय वाराणसी बी की ओर से बुधवार को विश्वविद्यालय के मुख्य भवन में आयोजित समारोह में ग्रुप कैप्टन विकास कुमार पांजियार ने उन्हें यह रैंक प्रदान की। एनसीसी कैडेट्स ने प्रो. शर्मा को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया। मानद कर्नल रैंक मिलने पर प्रो. शर्मा ने एनसीसी ग्रुप मुख्यालय का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय परिवार की सामूहिक साधना, आचार्यों की परंपरा, विद्यार्थियों की प्रतिभा और अधिकारियों-कर्मचारियों के समर्पण का गौरव है। एनसीसी ग्रुप कैप्टन विकास कुमार पांजियार ने कहा कि प्रो. शर्मा को प्रदान की गई मानद कर्नल रैंक उनके नेतृत्व, अनुशासन, राष्ट्रसेवा और युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता का सम्मान है।