राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत पांच महिलाएं को मिलेगा पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। गणतंत्र दिवस पर मनरेगा और स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण में बेहतर कार्य करने वाली जिले की 10 पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत बेहतर कार्य करने वाली पांच महिलाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
मनरेगा में उत्कृष्ट कार्य वाली पंचायतों में उपमंडल सदर की सुईं सुरहाड़ व साई खारसी, उपमंडल घुमारवीं की मरहाणा, उपमंडल झंडूता की कोसरियां और सनिहरा पंचायवें शामिल हैं। इन पंचायतों ने मनरेगा के तहत कार्य करने वाले कामगारों ने 10-10 हजार से अधिक कार्यदिवस पूरे किए हैं। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण में बेहतर प्रदर्शन करने वाली पंचायतों में उपमंडल सदर की दयोली, उपमंडल घुमारवीं की पट्टा, झंडूता की बेरी मियां, श्री नयनादेवी जी की बेहल और कोडावाला पंचायतें शामिल हैं। इन पंचायतों की ओर से कूड़ा पृथक्करण करने के उचित प्रबंध, कंपोस्ट पिट, नालियों का निर्माण और घर-घर से कचरा संग्रहण जैसे काम किए गए हैं। वहीं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में बेहतर काम करने वाली तलवाड़ा की मंजू बाला, कपहाड़ा की प्रेम लता, कोटलू ब्राह्मणा की बंदना देवी, पंजगाईं की प्रेमलता और बरठीं की ललिता देवी को सम्मानित किया जाएगा। इस सभी को रौड़ा सेक्टर के खेल मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा।