हिंदू-मुस्लिम सांझा मंच के बैनर तले उड़ी हमले के विरोध में पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। मंच ने इस मौके पर पाकिस्तान का पुतला भी जलाया। इस मौके पर लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं सर्जिकल स्ट्राइक की खुशी पर विजय रैली का भी आयोजन किया गया।
इस मौके पर नेशनल यूथ आवार्डी ईशान अख्तर, मोहम्मद बिलाल, आदित्य दास, उमर फारूख, अमन राणा, सुधांशु शर्मा एवं तन्मय शर्मा के संयुक्त रूप में गत दिन पहले पाकिस्तान के द्वारा किए गए हमले की कड़ी निंदा की।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सर्जिकल स्ट्राइक पर खुशी जाहिर करते हुए विजय रैली निकाली। विजय रैली चांदपुर चौक से बामटा, आईटीआई, कॉलेज चौक और जामा मस्जिद चौक से होते हुए गांधी मार्केट, चंपा पार्क, बस स्टैंड चौक, लक्ष्मीनारायण मंदिर से डियारा सैक्टर से होते हुए चंपा पार्क तक निकाली गई।
चंपा पार्क पहुंचने पर सैकड़ों युवाओं ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का पुतला फूंका। इस दौरान पूरा बिलासपुर शहर भारत माता की जय और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारों से गूंज उठा।
युवाओं को संबोधित करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता ईशान अख्तर, आदित्य दास, उमर फारूख ने कहा कि भारतीय सेना ने पाक अधिकृत कश्मीर में घुसकर आतंकवादियों के ठिकानों को नष्ट कर और आतंकवादियों को मारकर उड़ी में हुए आतंकवादी हमले का बदला ही नहीं लिया बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आतंकवाद के आगे न झुकेंगे न ही आतंकवाद को सहेंगे की वचनबद्धता को भी दर्शाया है।
उन्होंने कहा कि पठानकोट और उड़ी में सेना के कैंपों पर आतंकवादियों के हमलों के पश्चात देश के सब्र की सीमा समाप्त हो चुकी थी। पीओके के भीतर जाकर आतंकवादियों के अड्डों को तबाह करके भारतीय सेना ने आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है।
सेना की इस कार्यवाही पर प्रत्येक भारतीय गौरवान्वित महसूस कर रहा है। हिंदू-मुस्लिम सांझा मंच ने भारतीय सेना की इस शानदार कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री मनोहर परिकर और भारतीय सेना को बधाई दी है।