54 वीं सीनियर हैंडबाल राष्ट्रीय प्रतियोगिता में लेगी हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हैंडबाल एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से 54 वीं सीनियर राष्ट्रीय हैंडबाल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए एमेच्योर हिमाचल हैंडबाल एसोसिएशन की प्रदेश टीम रविवार को कोलकाता के लिए रवाना हो गई। यह जानकारी एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष परवीन दुबे ने दी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए प्रदेश से 16 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। टीम की कमान जिला बिलासपुर के वसीम खान को कप्तान के रूप में सौंपी गई है, जबकि जिला ऊना के राजेंद्र कुमार उपकप्तान होंगे। चयनित खिलाड़ियों में बिलासपुर से फरहान, आर्यन हंस, समद, आरव और सियाराम, ऊना से वंश, हर्ष, अंकित राणा, वनीश और चेतन, हमीरपुर से उत्कर्ष शर्मा, चंबा से रविंद्र, सिरमौर से पवन तथा सोलन से कपिल शामिल हैं। टीम के मार्गदर्शन के लिए मनोज ठाकुर को कोच तथा दिनेश राजपूत को टीम मैनेजर नियुक्त किया गया है। एमेच्योर हिमाचल हैंडबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलदीप राणा, सचिव क्रांति सिंह, कोषाध्यक्ष परवीन दुबे सहित हमीद खान, डीडी तनवर, स्नेहलता, राजेश मेहता, सतिंदर, दीपक, देवेंद्र, अरुण, चंदन सिंह, सुशील, प्रेम, मनोज पराशर, अजय परमार और अमर ने टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा जताई कि हिमाचल प्रदेश की टीम इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेगी।