बिलासपुर के दधोल चौक पर हुए हादसे में क्षतिग्रस्त हुई कार। संवाद
- फोटो : BILASPUR
भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना के तहत शिमला-हमीरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दधोल चौक के बीचोबीच कार और ऑटो में टक्कर हो गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। कार में सवार दो व्यक्तियों और ऑटो चालक को हल्की चोटें आई है।
सोमवार शाम करीब 6:00 बजे हमीरपुर से घुमारवीं की तरफ जा रही कार और राजमार्ग से भराड़ी संपर्क मार्ग की ओर मुड़ रहे ऑटो में टक्कर हो गई। जोरदार आवाज सुनकर स्थानीय दुकानदार मौके पर पहुंचे। दोनों वाहनों में सवार लोगों को निकाला गया। तीनों को मामूली चोटें आई थी जबकि वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा था। अति व्यस्त दधोल चौक पर लगातार हादसों का खतरा बना रहता है। राष्ट्रीय राजमार्ग होने के कारण तेज रफ्तार से वाहन आते जाते हैं। वहीं, दधोल चौक से संपर्क सड़क भराड़ी के होने के चलते लगातार वाहनों की आवजाही लगी रहती है। स्थानीय दुकानदारों ने चौक पर बैरिकेड लगाने की मांग की है ताकि हादसों पर नियंत्रण बना रहे। खबर लिखे जाने तक मौके पर पुलिस पहुंच चुकी थी। भराड़ी थाना के जांच अधिकारी देवराज ने बताया कि जांच की जा रही है।