आयुर्वेद एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा
केंद्र कर्मचारियों को स्वस्थ जीवन शैली के लिए किया प्रोत्साहित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एनटीपीसी कोलडैम में हिम आयुष केंद्र का शुभारंभ किया गया। इसका उद्देश्य आयुर्वेद और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देना है। एनटीपीसी लिमिटेड के निदेशक (मानव संसाधन) अनिल कुमार जाडली ने केंद्र का ऑनलाइन उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद आयुष केंद्र में हवन-पूजन किया गया। इस दौरान केंद्र के सफल संचालन और कर्मचारियों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई। अनिल जाडली ने कहा कि केवल बीमारी का इलाज ही नहीं, बल्कि उसका बचाव भी आवश्यक है। उन्होंने केंद्र की स्थापना के लिए कोलडैम परियोजना की पूरी टीम को बधाई दी।
परियोजना प्रमुख एसएस राव ने बताया कि केंद्र के माध्यम से आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा का लाभ मिलेगा। इससे कर्मचारियों को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरणा मिलेगी। केंद्र में आयुर्वेद परामर्श, पंचकर्म चिकित्सा, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा संबंधी परामर्श उपलब्ध होगा। इसके अलावा जीवनशैली, आहार संबंधी सलाह तथा तनाव प्रबंधन से जुड़ी सेवाएं भी दीं जाएंगी।
आयुष केंद्र का संचालन आयुर्वेदिक एरिना लाइव विद आयुर्वेद संस्था करेगी। समारोह में डॉ. अर्शिया महाजन, कॉर्पोरेट मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कमल प्रकाश पुरुषोत्तम, मानव संसाधन प्रमुख मंगला हरीन्द्रन, अपर महाप्रबंधक जीके विवेक तथा एनटीपीसी कोलडैम की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरजीत कौर उपस्थित रहीं।