बिलासपुर अस्पताल में हिम सुरक्षा अभियान में भाग लेती आंगनबाड़ी कार्यकर्ता।
- फोटो : BILASPUR
जिले में 500 टीमें लोगों के घरद्वार पहुंच कर करेंगी स्वास्थ्य जांच
खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री ने किया अभियान का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। कोविड-19 के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए सरकार विशेष कदम उठा रही है। इस महामारी के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेंद्र गर्ग ने जिला में हिम सुरक्षा अभियान का शुभारंभ किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 25 नवंबर से 27 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान की शिमला से शुरूआत की है। इसी कड़ी के तहत बिलासपुर में इस अभियान का शुभारंभ किया जा रहा है। इस अभियान के तहत हर घर के हर व्यक्ति के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। प्रदेश में इस अभियान के अंतर्गत लगभग 8 हजार टीमें स्वास्थ्य, आयुर्वेदिक, महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज इत्यादि टीमें कार्य करेंगी। जो लोगों के स्वास्थ्य की घर-घर जाकर स्क्रीनिंग करेंगी और सूचना एकत्रित करेंगी। वहीं, जिला में 500 टीमें लोगों के घर-घर जाकर स्क्रीनिंग करेंगी और सूचना एकत्रित करेंगी। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान यदि किसी व्यक्ति में कोई कोविड-19 के लक्षण मिलते हैं तो उन्हें स्वास्थ्य विभाग की तरफ से हर संभव सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। अभियान के दौरान कोविड-19 से पीड़ित लोगों के अतिरिक्त कुष्ठ रोगी, मधुमेह, उच्च रक्तचाप के रोगियों को भी खोजा जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को उचित जानकारी और सुविधा मिले। उन्होंने कहा कि हिम सुरक्षा जागरूकता अभियान के साथ कोविड-19 के खिलाफ एक आंदोलन शुरू हुआ है।