संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के शीतलपुर क्षेत्र में 10 हजार बीघा भूमि पर प्रस्तावित हिम चंडीगढ़ टाउनशिप को लेकर उद्योगपतियों और स्थानीय लोगों ने सरकार के फैसले की सराहना की है। यह टाउनशिप शीतलपुर, मलपुर, किशनपुरा और मानपुरा पंचायतों की सरकारी भूमि पर विकसित की जाएगी। इससे न केवल प्रदेश का राजस्व बढ़ने की उम्मीद है, बल्कि जीएसटी के रूप में बाहर जा रहा राजस्व भी हिमाचल में ही रहेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि टाउनशिप बनने से जो लोग अभी चंडीगढ़, मोहाली, जीरकपुर और पंचकूला जैसे शहरों में रहते हैं, वे हिमाचल में ही फ्लैट खरीदने के लिए प्रेरित होंगे। इससे लोगों को अपने ही प्रदेश में रहने का अवसर मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए साधन भी विकसित होंगे। उद्योगपतियों का मानना है कि इस परियोजना से उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों का आवागमन आसान होगा और समय की भी बचत होगी। दून विधायक राम कुमार चौधरी ने भी इस पहल का समर्थन करते हुए कहा कि वह पिछले डेढ़ वर्ष से इस मुद्दे को उठा रहे थे। उनके अनुसार इस परियोजना से न केवल राजस्व बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
सरकार की पहल की सराहना
बीबीएनआईए के महासचिव रजनीश विज ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि संगठन लंबे समय से इस तरह की योजना की मांग कर रहा था। उन्होंने कहा कि कोविड काल में आई परेशानियों को देखते हुए यह परियोजना भविष्य में बड़ी राहत साबित होगी।
महिला सशक्तीकरण को मिलेगा बढ़ावा
विधायक राम कुमार चौधरी ने महिला सशक्तीकरण से जुड़े प्रावधानों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि एक करोड़ रुपये तक की संपत्ति खरीद पर महिलाओं के लिए स्टांप ड्यूटी 8 प्रतिशत से घटाकर 4 प्रतिशत करना एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा।