बिलासपुर के रास्ते मंडी, कुल्लू, मनाली पहुंच रही हेरोइन
जिला पुलिस कप्तान की रणनीति आई काम, फोरलेन पर पुलिस ने बढ़ाई है निगरानी
मुख्य तस्कर तक पहुंचने की कोशिश कर रही पुलिस
अनिल ठाकुर
बिलासपुर। बलोह टोल प्लाजा पर हेरोइन के साथ पकड़े आरोपी करीब 15 दिन पहले भी बिलासपुर से गुजरे थे। हालांकि यह साफ नहीं है कि उस समय यह हेरोइन की खेप देने ही पहुंचे थे। लेकिन अगर वो प्रदेश में आए थे तो आशंका यही है कि सप्लाई देने ही आए होंगे।
बिलासपुर के रास्ते मंडी, कुल्लू और मनाली क्षेत्र में हेरोइन की आपूर्ति हो रही है। वहीं पुलिस इस मामले के आधार पर मुख्य तस्कर तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। जिला पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बलोह टोल प्लाजा पर पकड़ी गई खेप, जिला पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी सफलता है। पिछले एक माह से फोरलेन पर जिला पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है, जिसका परिणाम पुलिस को मिल रहा है। जानकारी के अनुसार दोनों आरोपी अमृतसर से चिट्टा की खेप लेकर कुल्लू जा रहे थे, जहां करीब 25 से 30 लाख में सौदा तय हुआ था। जानकारी के अनुसार आरोपियों ने इसके लिए गाड़ी को किराये पर बुक किया था, ताकि किसी को शक न हो। बलोह टोल प्लाजा पर पुलिस ने शक के आधार पर इनकी तलाशी ली और उनसे हेरोइन बरामद की गई। हालांकि कार चालक से भी पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि 15 दिन पहले भी आरोपियों की गतिविधि बिलासपुर में दर्ज की गई थी। बता दें कि फोरलेन बनने के बाद तस्कर यहां से मंडी, कुल्लू और मनाली तक तस्करी कर रहे हैं। पंजाब सीमा से तस्कर आसानी से बिलासपुर होते हुए इन क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं। इस बात को मद्देनजर रखते हुए जिला पुलिस की ओर से भी विशेष रणनीति बनाई है, जिसके तहत यह सफलता मिली है। जानकारी के अनुसार पुलिस की विभिन्न टीमें इस अभियान के तहत कार्य कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि मंडी, कुल्लू और मनाली जाने वाली नशे की खेप अधिकतर बिलासपुर होकर जाती है। इसलिए बिलासपुर में इन्हें रोकने के लिए विशेष निगरानी की आवश्यकता है। दोनों आरोपियों की पूछताछ के आधार पर पुलिस कुल्लू में हेरोइन लेने वाले व्यक्ति की तलाश में जुट गई है, ताकि इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
कब कितनी हेरोइन पकड़ी
बता दें कि इससे पहले भी जिला पुलिस ने हेरोइन की खेप पकड़ी हैं। 2024 में बरमाणा पुलिस ने पंजगाईं में नाकाबंदी के दौरान 254 ग्राम हेरोइन बरामद की थी, जिसमें पंजाब के ही एक युवक को गिरफ्तार किया था। वहीं अगस्त 2023 में सदर पुलिस ने जामली के पास 252 ग्राम हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया था और 2021 में भराड़ी में 208 ग्राम हेरोइन पकड़ी गई थी। संवाद
घुमारवीं में पकड़ी हेरोइन मामले को लेकर जानकारी देते एसपी बिलासपुर व अन्य अधिकारी। संवाद