लोक निर्माण विभाग को अब तक 18 करोड़ रुपये का नुकसान
जल शक्ति विभाग को 9.50 करोड़ रुपये की हुई क्षति
खड्ड और नाले उफान पर, सड़कों पर भी हुआ जलभराव
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दीं हैं। शुक्रवार रात से हो रही बारिश के कारण चार सड़कें बंद हैं, जबकि 90 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं।
भारी बारिश से रोहल से लेहड़ी सरैल सड़क पर डोमेहर के पास एक बड़ा गढ्डा हो गया, जिससे इस सड़क से यातायात पूरी तरह बंद हो गया। घुमारवीं की भगोत संपर्क सड़क भी भारी भूस्खलन के कारण बंद हो गई। तरघेल-लदरौर सड़क पर भी भारी भूस्खलन हुआ है। उपमंडल सदर की सिकरोहा संपर्क सड़क भी भूस्खलन के कारण बंद हो गई। लोक निर्माण विभाग की मशीनरी सड़कों को बहाल करने में लगी हुई है। विभाग को इस बरसात में अब तक 18 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। शुक्रवार रात को हुई भारी बारिश से जल शक्ति विभाग की जिले भर में 90 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं।
मटमैला पानी और मलबा घुसने से इन योजनाओं से शनिवार को पेयजल आपूर्ति नहीं की गई। विभाग के कर्मचारी योजनाओं को बहाल करने में जुटे हुए हैं। जल शक्ति विभाग को इस बरसात में अब तक करीब 9.50 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका हैं। घुमारवीं और भराड़ी क्षेत्र में शुक्रवार को भारी बारिश हुई। अन्य क्षेत्रों में भी करीब तीन घंटों तक बारिश हुई। शनिवार को भी दिन भर रूक-रूक बारिश होती रही। लगातार हो रही बारिश से खड्ड और नाले उफान पर हैं। सड़कों और रास्तों पर हुए जलभराव ने भी राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानियां बढ़ाई हैं। किरतपुर-मनाली फोरलेन पर भी समलेटू और थापना में पहाड़ से पत्थर गिर रहे हैं। हालांकि पत्थरों और मलबे को हटाने के लिए दोनों स्थानों पर जेसीबी तैनात की गई हैं।
कोट
बारिश से जिले में चार सडक़े बंद हुई हैं। सडक़ों को बहाल करने में मशीनरी लगी हुई हैं। विभाग को अब तक 18 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। - जीत सिंह ठाकुर, अधीक्षण अभियंता , लोक निर्माण विभाग
कोट
शुक्रवार रात को हुई बारिश से 90 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। योजनाओं को आंशिक रूप से बंद किया गया है। इन योजनाओं को जल्द बहाल कर दिया जाएगा। - राहुल दुबे, अधीक्षण अभियंता, जल शक्ति विभाग
रोहल से लैहड़ी सरेल सडक़ पर हुआ गड्ढा। संवाद