विधायक त्रिलोक जमवाल बोले, जमीन से जुड़े सच्चे जनसेवक थे गौतम
दलगत राजनीति से ऊपर उठकर दूसरों का मार्गदर्शन करना डॉ. गौतम की पहचान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सदर क्षेत्र के पूर्व विधायक डॉ. बाबूराम गौतम के निधन पर शुक्रवार को विधानसभा में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान सदर के विधायक त्रिलोक जमवाल भावुक दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि डॉ. गौतम का पूरा जीवन समाज सेवा को समर्पित रहा। मिलनसार, सरल स्वभाव और जमीन से जुड़े हुए डॉ. गौतम हर वर्ग की चिंता करते थे।
दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जरूरतमंदों की सहायता करना उनका पहला धर्म था। उनका निधन पूरे समाज के लिए अपूणीZय क्षति है। विधानसभा में चर्चा के दौरान जमवाल ने कहा कि अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने डॉ. गौतम जैसा जनसेवक नेता किसी और में नहीं देखा। पंजगाईं गांव के मूल निवासी डॉ. गौतम के लिए सामाजिक सरोकार हमेशा सर्वोपरि रहे। लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए वे जिला अधिकारियों से लेकर शिमला और दिल्ली तक जाने से भी कभी पीछे नहीं हटे। जमवाल ने बताया कि कुछ समय पहले बीमारी के कारण डॉ. गौतम एम्स बिलासपुर में उपचाराधीन थे। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर, विधायक रणधीर शर्मा, जीतराम कटवाल और वह स्वयं (त्रिलोक जमवाल) उनसे मिलने पहुंचे थे। तब भी डॉ. गौतम ने एम्स की सेवाओं की सराहना की थी और मिलने आए नेताओं का आभार जताया था। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में जब उन्हें पार्टी का टिकट मिला, तो शुभकामनाएं देने वाला पहला फोन डॉ. गौतम का आया था। चुनाव के बाद भी वे क्षेत्रीय मुद्दों और राजनीतिक बदलावों को लेकर लगातार मार्गदर्शन देते रहे। जमवाल ने कहा कि डॉ. गौतम के भीतर जो गुण थे, वे आज के जनप्रतिनिधियों में कम दिखाई देते हैं। उनके मूल्यों और कार्यशैली को अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।