भाजपा के पूर्व विधायक बोले- समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो करेंगे आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
स्वारघाट (बिलासपुर)। श्री नयना देवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी रणधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के कई स्वास्थ्य संस्थानों में पिछले चार वर्षों से चिकित्सकों के पद रिक्त हैं। इससे लोगों को इलाज के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। स्वारघाट सीएचसी के दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि स्वारघाट, नयना देवी और जुखाला सहित कई स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित चिकित्सकों की नियुक्ति नहीं होने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वारघाट अस्पताल से बिलासपुर, सोलन और नालागढ़ क्षेत्र के लोग भी उपचार के लिए आते हैं। रणधीर शर्मा ने कहा कि इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द रिक्त पद नहीं भरे गए तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष बालकृष्ण ठाकुर, पूर्व चेयरमैन राममूर्ति धर्माणी, रूपलाल, घनश्याम धर्माणी, रामआसरा ठाकुर, सुभाष ठाकुर, ग्राम पंचायत कुटेहला के उप प्रधान गुरदेव शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।