कोरोना वैक्सीन की रिहर्सल करते बरठीं सिविल अस्पताल के चिकित्सक।
- फोटो : BILASPUR
बरठीं (बिलासपुर)। कोरोना वैक्सीन प्रत्येक व्यक्ति को माह में दो बार लगाई जाएगी। टीकाकरण की टीम में विभिन्न विभागों के पांच कर्मचारी सेवाएं देंगे, जो प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात रहेंगे। 16 जनवरी को झंडूता स्वास्थ्य केंद्र में वैक्सीन पहुंच जाएगी। इसको लगाना शुरू कर दिया जाएगा।
खंड स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद टंडन ने बताया कि प्रतिदिन 50 से 100 लोगों का वैक्सीनेशन होगा। वैक्सीन लगाने से पहले व्यक्तियों को फोन पर मैसेज आएगा। वैक्सीन लगाने के दौरान आंगनबाड़ी वर्कर, स्वास्थ्य कार्यकर्ता व आशा वर्कर सहित एक पुलिस जवान भी मौजूद रहेगा। उन्होंने कहा कि वैक्सीन लगाने के बाद व्यक्ति को कोरोना से एहतियात बरतने के लिए जागरूक भी किया जाएगा। इस मौके पर वैक्सीन लगाने के तरीके व व्यक्तियों को जागरूक करने के लिए सिविल अस्पताल बरठीं में रिहर्सल भी की गई।
टंडन ने बताया कि सोमवार को खंड की 12 पीएचसी में रिहर्सल करवाई गई। ताकि वैक्सीन को सही तरीके से लगाया जा सके। इस मौके पर डॉक्टर तानेश्वर, डॉक्टर शिल्पा, निशा कुमारी, मीरा देवी, कांता देवी, कमल किशोर व विजय कुमार सहित आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य और आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।