घुमारवीं (बिलासपुर)। एसडीएम शशीपाल शर्मा की अध्यक्षता में उपमंडल कार्यालय घुमारवीं में कोविड-19 वैक्सीनेशन को लेकर बैठक हुई। एसडीएम शशीपाल शर्मा ने बताया कि जल्द ही कोविड वैक्सीनेशन शुरू होने वाला है। इसमें विभागों का क्या कार्य रहेगा, इसके बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया। इस अभियान को सफल बनाने का आग्रह किया गया।
उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन के बारे में लोगों को जागरूक करने के आदेश दिए। बैठक में 17 जनवरी को होने वाले पल्स पोलियो अभियान पर भी चर्चा की गई। 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवाई पिलाई जाएगी। इसको सफल बनाने के खंड के अधिकारियों को आदेश दिए। खंड चिकित्सा अधिकारी घुमारवीं डॉ. अभिनीत शर्मा ने बताया कि पहले चरण में हेल्थ केयर वर्कर को कोविड की वैक्सीन लगाई जाएगी। इसमें स्वास्थ्य विभाग, आयुर्वेद विभाग, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को वैक्सीन लगाई जाएगी। डॉ. शर्मा ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए चार साइट बनाई हैं, इसमें सिविल अस्पताल घुमारवीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भराड़ी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरलोग, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुठेड़ा में पहले फेस में वैक्सीनेशन होगी।
बाक्स
65 बूथों पर 7620 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिनीत शर्मा ने बताया कि खंड घुमारवीं में 17 जनवरी को पल्स पोलियो अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के 7620 बच्चों को 65 बूथों पर दवाई पिलाई जाएगी। इस अभियान को सफल बनाने के लिए 260 कर्मचारी और 13 सुपरवाइजर लगाए गए हैं। बैठक में डॉ. यादवेंद्र, रंजना शर्मा बाल परियोजना अधिकारी घुमारवीं, राजकुमारी खंड शिक्षा अधिकारी घुमारवीं, प्रकाश चंद खंड शिक्षा अधिकारी घुमारवीं, सुरेश चंदेल खंड स्वास्थ्य शिक्षक घुमारवीं, कुलदीप सिंह, अमर सिंह उपस्थित रहे।