बिलासपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि जिला में कोरोना वायरस संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। इसके बारे में सभी को जागरूक व सतर्क होना बहुत जरूरी है ताकि कोरोना की चेन को तोड़ा जा सके।
उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस का संक्रमण संक्रमित व्यक्ति के सीधे संपर्क या उसके संपर्क में आई हुई वस्तुओं के संपर्क में आने से होता है। इस रोग में फ्लू जैसे लक्षण पाए जाते हैं। इनमें बुखार, खांसी, सांस लेने में परेशानी आदि शमिल है। उन्होंने बताया कि संक्रमित कण एक व्यक्ति सेे दूसरे व्यक्ति में खांसने, छींकने, वार्तालाप करते समय या उसके संपर्क में आई हुई वस्तुओं के संपर्क में आने से फैलते हैं। कोरोना संक्रमण से बचने के लिए सामाजिक दूरी बनाए रखें। अपने हाथों को साबुन व पानी से दिन में बार-बार कम से कम 20 सेकंड तक अवश्य धोएं या सैनिटाइजर का उपयोग करें। मास्क का प्रयोग अवश्य करें।
मास्क का उपयोग एक बार में 4-6 घंटे ही करें। इस्तेमाल के बाद उसे क्लोरीन घोल में डालने के बाद बंद कूड़ेदान में डाल दें। दो गज की सामाजिक दूरी का पालन करें। पर्याप्त मात्रा में नींद लें और आराम करें और पोषक आहार लें। इस्तेमाल किए हुए नैपकिन या टिशू पेपर खुले में न फेंके, खुले में रखी किसी चीज का स्पर्श न करें और न ही किसी चीज को अनावश्यक हाथ लगाएं। सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लेने से बचें। अनावश्यक घर से बाहर न निकलें। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को जुकाम, बुखार है तो नजदीकी कोरोना टेस्टिंग केंद्र में जाकर अपना टेस्ट अवश्य करवाएं।