घुमारवीं (बिलासपुर)। ग्राम पंचायत लुहारवीं, मोरसिंघी और रोहिण में अलग-अलग व्यक्तियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके चलते इन क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन और बफर जोन घोषित किया गया है।
एसडीएम घुमारवीं शशिपाल शर्मा के जारी आदेशों के अनुसार ग्राम पंचायत लुहारवीं के नैन गांव में वार्ड नंबर 2 स्थित प्राकृतिक बावड़ी से आगे का क्षेत्र कंटेनमेंट जोन तथा वार्ड नंबर 1 व 3 को बफर जोन घोषित किया गया है। ग्राम पंचायत मोरसिंघी मे वार्ड नंबर 5 में ठाई थला से प्यार सिंह व विशन दास के घर तक तथा मोरसिंघी-पट्टा सड़क से सीर खड्ड किनारे तक सड़क के दोनों ओर कंटेनमेंट एरिया तथा वार्ड नंबर 5 का अन्य क्षेत्र व वार्ड नंबर 6 बफर जोन घोषित किए गए हैं। इसी तरह ग्राम पंचायत रोहिण के वार्ड नंबर 4 में गरजा राम के घर से इंदर सिंह के घर तक कंटेनमेंट जोन तथा वार्ड नंबर 4 का बाकी हिस्सा बफर जोन घोषित किया गया है।
यदि कोई व्यक्ति आदेशों की अवहेलना करता है तो उसे भारतीय दंड संहिता की धारा 188, 269, 270 के तहत दंडित किया जाएगा। एसडीएम घुमारवीं शशि पाल शर्मा ने लोगों से प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि कंटेनमेंट एरिया में आवाजाही की अनुमति नहीं होगी। जरूरी सामान की आपूर्ति तहसीलदार घुमारवीं की अध्यक्षता में गठित कमेटी के माध्यम से की जाएगी।