घुमारवीं(बिलासपुर)। बाहरी राज्यों से आए मजदूर और अन्य लोग बिल्कुल भी परेशान ना हों। सरकार उनके लिए हर संभव मदद पहुंचाने को तत्पर हैं तथा यदि उन्हें किसी वस्तु की आवश्यकता हो तो वे तत्काल अपनी समस्या के बारे में घुमारवीं विधायक को भी सूचित कर सकते हैं। जबकि अन्य समाजसेवी संगठनों और कार्यकर्ताओं के नंबर भी लोगों की सुविधा के लिए जारी कर दिए गए हैं।
घुमारवीं विधायक राजेंद्र गर्ग ने बकरोआ पंचायत में रह रहे अन्य राज्यों के मजदूरों को खाद्य सामग्री वितरित करते हुए प्रवासियों को हर सुविधा मुहैया करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कोरोना वायरस को दूर रखने के लिए सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देश के बारे में भी उन लोगों से चर्चा की तथा सामाजिक दूरी बनाए रखने के बारे में भी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में उपचार से बेहतर अपने घरों में रहना ही है। इसलिए लोग बिना किसी कार्य के सड़कों पर ना निकलें तथा अपने घर में ही सुरक्षित रहें। उन्हें रोजगार खोए जाने की चिंता नहीं करनी चाहिए क्योंकि सरकार उनके घर द्वार उन्हें खाद्य सामग्री पहुंचाने के लिए वचनबद्ध है। इस अवसर पर जिला युवा भाजपा अध्यक्ष लक्की ठाकुर, नवीन शर्मा, बकरोवा पंचायत उप प्रधान प्रीतम चंदेल आदि समाजसेवी उपस्थित रहे।