बिलासपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर डॉ. प्रकाश दड़ोच ने कोरोना वायरस की गंभीरता को देखते हुए बताया कि बिलासपुर जिले में स्वास्थ्य विभाग, एहतियात बरतते हुए पूरे सुरक्षा कदम उठा रहा है और मरीजों को जल्द उपचार और अन्य सुविधाएं देने के लिए तत्पर है।
उन्होंने बताया कि जिले के अस्पतालों में सर्दी जुकाम के मरीजों को सर्वप्रथम देखा जा रहा है। ऐसे मरीजों को अस्पताल में जांच और उपचार की सुविधा जल्द करवाने की व्यवस्था की जा रही है। एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से केंद्र सरकार की एड्वाइजरी के तहत यह निर्देश सभी को जारी किए हैं।
दड़ोच ने बताया कि कोरोना वायरस की गंभीरता को देखते हुए उचित सुरक्षा कदम स्वास्थ्य विभाग की ओर से उठाए जा रहे हैं। कोरोना वायरस के प्रति आम जनता में काफी भ्रांतियां हैं जिन्हें दूर करने की आवश्यकता है।
दड़ोच ने कहा कि आम जनता को इससे घबराने की नहीं बल्कि एहतियात बरतने की जरूरत है। इसके अलावा जिनमें वायरस के लक्षण पाए जाएंगे उन्हें आइसोलेशन फैसिलिटी में रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि बुखार, खांसी एवं छींके आना, सांस लेने में तकलीफ, थकान, गले में खरास यदि किसी को है तो तुरंत नजदीकी अस्पताल में जांच करवाएं।
उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के संबंध में कोई भी व्यक्ति टोल फ्री नंबर 104 और 1100 पर कॉल करके जानकारी प्राप्त कर सकता है। सावधानी के तौर पर सर्दी जुकाम से ग्रसित व्यक्तियों से अपने बचाव के लिए खांसते और छींकती बार मुंह को रुमाल या कपड़े से ढकें, पर्याप्त दूरी रखें, हाथ न मिलाएं, मुंह और नाक स्पर्श करने के बाद साबुन से हाथ अच्छी तरह धोएं, भीड़भाड़ वाली जगहों में जाने से बचें तथा मांस व अंडों को खाने से पहले अच्छी तरह से पकाएं।