बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस विभाग को बागी बिनौला के एक आउटसोर्स ठेकेदार ने एक साल पहले 8 कुक और 2 सफाई कर्मचारी मुहैया करवाए थे। आरोप है कि इसने विभाग से कर्मचारियों के न्यूनतम वेतन के साथ इनका ईपीएफ, ईएसआई और ग्रेज्युटी का पैसा तो ले लिया, लेकिन वर्करों को सिर्फ 200 और 210 रुपये दिहाड़ी के हिसाब से मात्र वेतन ही दिया। शेष सारा पैसा खुद हड़प कर गया।
जानकारी के अनुसार बिलासपुर के बागी बिनौला का संतोष वर्मा आउटसोर्स पर विभागों को कर्मचारी उपलब्ध करवाने का काम करता है। वहीं, इसने एक साल पहले पुलिस विभाग को भी 10 कर्मी आउटसोर्स पर दिए। वहीं आरोपी ने इन कर्मियों को न्यूनतम वेतन तो दिया लेकिन इनके ईपीएफ, ईएसआई और ग्रेज्युटी का पैसा खुद हजम कर गया। इसकी शिकायत इन कर्मियों ने पुलिस को दी। पुलिस इस संदर्भ में सिटी चौकी बिलासपुर में आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 406 और 409 के तहत केस दर्ज किया है। वहीं, इसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे 23 नवंबर तक की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
डीएसपी बिलासपुर संजय शर्मा ने बताया कि आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इसे कोर्ट में पेश किया गया है। जहां से इसे 23 नवंबर तक की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।