बिलासपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज राय ने बिलासपुर वरिष्ठ नागरिक सभा के सदस्यों के साथ विचार साझा कर उनके अनुभवों से मतदान प्रतिशतता बढ़ाने के लिए लोगों को जागरूक करने की अपील की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों तथा दिव्यांग 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले मतदाताओं के लिए स्वैच्छिक रूप से घर पर रहकर ही वोट डालने कि लिए फॉर्म-12 डी को भरकर संबंधित बीएलओ तथा एसडीएम कार्यालय में देने का प्रावधान किया गया है। जिन मतदाताओं ने यह फॉर्म भरा है वह मतदान केंद्रों पर जाकर मतदान नहीं कर सकेंगे। इन वर्गों के मतदाताओं के लिए मतदान केंद्रों पर विशेष सुविधाएं देने का प्रावधान है। ताकि 80 वर्ष से अधिक आयु तथा दिव्यांग मतदाताओं को मतदान करने में किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। वरिष्ठ नागरिक इस दृष्टि से अन्य वरिष्ठ नागरिकों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित करें ताकि शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित किया जा सके।
इस मौके पर वरिष्ठ नागरिक सभा के प्रधान आरएल शर्मा, उप-प्रधान रतनलाल सांख्यान, सचिव मस्त राम शर्मा, कमाडेंट नवल किशोर, मनमोहन भंडारी, पीएल परासर, पीएल चौहान, आर आर सांख्यान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जितेंद्र चंदेल, जगदीश कौंडल उपस्थित रहे।