कोटला पंचायत के पटवार खाना में पेयजल संकट गहराया
शिकायतों के बाद भी नहीं हुई मरम्मत, नल से निकल रहा रेत युक्त गंदा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। सदर खंड की कोटला पंचायत के पटवारखाना का हैंडपंप पिछले करीब छह महीनों से खराब पड़ा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को पेयजल के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हैंडपंप से स्वच्छ पानी की बजाय रेत मिला मटमैला पानी निकल रहा है, जिसके कारण स्थानीय लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि यह हैंडपंप आसपास के लोगों के लिए पेयजल का प्रमुख साधन है। इसके खराब होने से न केवल स्थानीय बाशिंदे बल्कि यहां से गुजरने वाले राहगीर भी प्रभावित हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि पानी की गुणवत्ता इतनी खराब है कि इसका उपयोग करना स्वास्थ्य के लिए खतरा बन गया है और बीमारियों का डर बना हुआ है। नीलम फाड़िया, नंद लाल भाटिया, अंकुश ठाकुर, निशा कांत शर्मा और कार्तिक शर्मा ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि हैंडपंप की फ्लशिंग करवाने से ही इस समस्या का स्थायी समाधान संभव है, लेकिन विभाग की ओर से लापरवाही बरती जा रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने जल शक्ति विभाग से मांग की है कि हैंडपंप की तुरंत मरम्मत कर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में जल शक्ति उपमंडल जुखाला के सहायक अभियंता निशांत कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और जल्द ही हैंडपंप की फ्लशिंग करवाई जाएगी, ताकि लोगों को राहत मिल सके।