विशेषज्ञ बोले, अब फसल पर दवा का नहीं असर
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)।
जुखाला क्षेत्र में बीते रविवार को हुई ओलावृष्टि ने लहसुन की खेती करने वाले किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसानों को आशंका है कि कहीं यह ओलावृष्टि उनकी तैयार खड़ी फसल को नुकसान न पहुंचा दे। हालांकि ओलों के साथ हुई अच्छी बारिश को लहसुन समेत अन्य फसलों के लिए लाभदायक भी माना जा रहा है।
क्षेत्र के किसानों का कहना है कि पिछले कुछ समय से लहसुन की फसल सूखने लगी थी, जिससे वे पहले ही परेशान थे। किसानों हेमराज शर्मा, नत्थू राम, हीरा लाल और गोपाल ने बताया कि उन्होंने कृषि विशेषज्ञों की सलाह पर दवाइयों का छिडक़ाव भी किया, लेकिन अब तक कोई खास सुधार देखने को नहीं मिला है। ऐसे में ओलावृष्टि ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है। जुखाला, स्याहोला, नम्होल, रानीकोटला, कोठी मझेड़, समाड़ी और जयनगर सहित आसपास के क्षेत्रों में किसान बड़े स्तर पर लहसुन की खेती कर रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। पिछले वर्ष नम्होल सब्जी मंडी से करीब 1200 क्विंटल और जुखाला मंडी से लगभग 400 क्विंटल लहसुन दक्षिण भारत के चेन्नई और कोयंबटूर की मंडियों में भेजा गया था। उस दौरान लहसुन 80 से 100 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिका था।
उधर, कृषि विज्ञान केंद्र बरठीं के सब्जी विभाग की विशेषज्ञ डा. मनप्रीत ने बताया कि लहसुन की फसल अक्टूबर में लगाई जाती है और इस समय यह पककर तैयार होने की स्थिति में है। ऐसे में ओलावृष्टि से इस फसल को कोई खास नुकसान नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब फ सल पर किसी भी प्रकार के दवा छिडक़ाव का भी कोई विशेष लाभ नहीं होगा। यह भी बताया कि ओलावृष्टि से प्याज जैसी अन्य फसलों को कुछ नुकसान होने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता।