-घुमारवीं कन्या स्कूल में रैली निकाल कर लोगों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या पाठशाला घुमारवीं में नशा मुक्ति अभियान के तहत रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। एनएसएस इकाई के स्वयंसेवियों ने स्कूल से लेकर बाजार तक रैली निकाली और लोगों को नशे के प्रति जागरूक किया।
रैली की अध्यक्षता प्रधानाचार्य कुलदीप डोगरा ने की। रैली एनएसएस अधिकारी सुमन लता और उपप्रधानाचार्य अनु ठाकुर के दिशा निर्देशन में निकाली गई। इस अवसर पर नारा लेखन और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में रश्मि ने पहला, अर्पिता ने दूसरा और रागिनी ने तीसरा स्थान हासिल किया। नारा लेखन प्रतियोगिता में गुरप्रीत ने पहला, रिया जसवाल ने दूसरा और स्मृति ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रधानाचार्य कुलदीप डोगरा ने कृतिका, प्रेरणा सुदीक्षा, अदिति, रसिका, आरती, शमा खान और पलक को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य कुलदीप डोगरा ने कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है। इसे खत्म करने के लिए हमें प्रयास करना चाहिए। जब तक समाज में नशे का प्रभाव रहेगा, तब तक युवाओं का जीवन खतरे में है। नशे ने लाखों परिवारों को बर्बाद कर दिया है। इसका सीधा असर महिलाओं और बच्चों पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नशे का आदी हो जाता है तो वह दूसरों को भी अपने साथ मिला लेता है। इस तरह सभी इस लत में पड़ जाते हैं। इसका परिणाम आने वाली उनकी कई पीढि़यों को भुगतना पड़ता है।