परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी समय पर पेंशन न मिलने से परेशान
मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री की खींचतान का कर्मचारी भुगत रहे खामियाजा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। प्रदेश सरकार हिमाचल प्रदेश परिवहन सेवानिवृत्त पेंशनरों के साथ जानबूझकर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाते हुए घोर अन्याय कर रही है। प्रदेश के अन्य पेंशनरों को हर महीने की पहली तारीख को पेंशन की अदायगी हो जाती है। यह आरोप हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी परिषद के प्रदेश संयोजक शंकर सिंह ठाकुर ने बिलासपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में लगाए।
उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन का राग अलापने वाली प्रदेश सरकार ने आज तक पेंशनरों के साथ किसी नीतिगत निर्णय को लेकर कोई बैठक नहीं बुलाई है। मुख्यमंत्री सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के बीच खींचतान और मतभेदों के चलते सरकार लाचार बनकर रह गई है। इसका खामियाजा वरिष्ठ नागरिक परिवहन पेंशनरों को भुगतना पड़ रहा है।
शंकर सिंह ने कहा कि यदि प्रदेश में वास्तव में आर्थिक संकट है, तो यह केवल परिवहन पेंशनरों और कर्मचारियों के लिए ही क्यों है। उन्होंने आरोप लगाया कि पांच सलाहकारों के सहारे चल रही सुक्खू सरकार ने इसी माह पांच उपाध्यक्षों की नियुक्ति की है। विपक्ष के सहयोग से विधायकों व मंत्रियों के वेतन-भत्तों में भी बढ़ोतरी की गई है। सरकार की इस शानो-शौकत को देखकर यह कतई नहीं लगता कि प्रदेश किसी आर्थिक संकट से गुजर रहा है।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त परिवहन निगम कर्मचारियों को नवंबर माह की पेंशन अभी तक नहीं मिली है। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर भी आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भी कर्मचारियों को समय पर डीए नहीं दिया गया। वर्ष 2016 में अन्य विभागों के कर्मचारियों को एरियर के रूप में 50-50 हजार रुपये दिए गए, जबकि परिवहन निगम कर्मचारियों को इससे वंचित रखा गया।
उन्होंने कहा कि परिवहन पेंशनरों के साथ सरकार का यह भेदभावपूर्ण और सौतेला व्यवहार घोर अन्याय और अत्याचार की श्रेणी में आता है। एचआरटीसी के स्वर्णिम जयंती वर्ष से लेकर आज तक न तो परिवहन पेंशनरों को समय पर पेंशन मिली और न ही सेवारत कर्मचारियों को वेतन, ओवरटाइम और रात्रि भत्ता दिया गया।
इस मुद्दे पर संघर्ष की रणनीति तय करने के लिए 31 दिसंबर को पेंशनरों के प्रमुख नेताओं की बैठक सुंदरनगर में होगी। प्रेसवार्ता में प्रताप ठाकुर, सतीश नड्डा, सुभाष वर्मा, रोशन ठाकुर, कमलदेव सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।