घुमारवीं शहर में बारिश के दौरान का नाजारा। संवाद
मक्की की फसल के लिए भी वरदान साबित होगी बारिश
पिछले कुछ दिनों से तेज धूप और उमस ने किया था परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर/घुमारवीं। जिले भर में शुक्रवार को अच्छी बारिश हुई। बारिश से कई दिनों से पड़ रही तपती गर्मी से राहत मिली है। यह बारिश मक्की की फसल के लिए भी वरदान साबित होगी।
शुक्रवार दोपहर तक लोगों को पिछले कुछ दिनों की तरह ही तपती गर्मी का सामना करना पड़ा। दोपहर करीब 1:30 बादलों ने आसमान में डेरा डाला। घुमारवीं शहर सहित आसपास के क्षेत्रों करीब 2:00 बजे बारिश शुरू हुई। घुमारवीं शहर में करीब 4:00 बजे तक लगातार तेज बारिश होती रही। बिलासपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में दोपहर 3:00 बजे के बाद बारिश शुरू हुई। स्वारघाट, भराड़ी, कुठेड़ा आदि क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई। कई क्षेत्रों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। बीते कई दिनों से लगातार पड़ रही गर्मी से जूझ रहे लोगों ने इस बारिश का दिल खोलकर मजा लिया। पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से जिले में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था। तेज धूप और लू के थपेड़ों ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया था। दिन में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था और लोग पंखों और कूलरों के बिना नहीं बिता पा रहे थे। दुकानदारों से लेकर खेतों में काम करने वाले किसानों तक सभी गर्मी से परेशान थे।
उधर, सुरजीत, दीपक, दुर्गादास, मदनलाल, मनोज, राकेश, विनोद के अनुसार पिछले कई दिनों से लोग भयानक गर्मी झेल रहे थे। आज की बारिश किसी वरदान से कम नहीं है। पिछले कई दिनों से गर्मी का असर इतना था कि पंखे और कूलर भी बेअसर हो गए थे, लेकिन आज कई दिनों बाद ठंडी हवा महसूस हो रही है। यह बारिश मक्की की फसल के लिए भी वरदान साबित होगी। किसानों ने हाल ही में मक्की की बुआई की है। इस बारिश से मक्की को अंकुरित होने में मदद मिलेगी।