पूछताछ में ठेकेदार से कई अहम खुलासे, ग्रामीणों के बयान और वीडियो साक्ष्य जुटाए
डीएसपी बोले, बहुत जल्द सच्चाई सामने लाकर आरोपियों पर होगी सख्त कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं के गांव ग्लासी में शराब के ठेके को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच नकली आबकारी अधिकारी बनकर ग्रामीणों को डराने का मामला गंभीर होता जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में जांच की रफ्तार बढ़ा दी है। पुलिस ने ठेकेदार मनोज कुमार को पूछताछ के लिए थाने बुलाया, जहां उससे कई अहम खुलासे हुए।
जांच के दौरान वायरल वीडियो, मौके पर मौजूद ग्रामीणों के बयान और अन्य साक्ष्य जुटाए गए हैं। इन आधारों पर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि बहुत जल्द इस पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने आ जाएगी। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने एक अज्ञात व्यक्ति को नकली आबकारी अधिकारी बनाकर गांव में भेजा था। उसने खुद को असली अधिकारी बताते हुए ग्रामीणों के बीच ठेके की वैधता साबित करने का नाटक किया और मंदिर से ठेके की दूरी नापने तक का ड्रामा रचा। ग्रामीणों को शक होने पर उन्होंने तुरंत मीडिया को मौके पर बुलाया। मीडिया कर्मियों द्वारा पूछताछ करने पर यह खुलासा हुआ कि वह व्यक्ति असली अधिकारी नहीं बल्कि नकली था। इस घटना के उजागर होते ही ग्रामीणों में गहरा आक्रोश फैल गया। अगले ही दिन ग्रामीणों ने इसकी लिखित शिकायत पुलिस उप अधीक्षक घुमारवीं चंद्रपाल सिंह को सौंपी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने ठेकेदार मनोज कुमार और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने कहा कि आरोपी से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। ग्रामीणों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। बहुत जल्द इस मामले की पूरी सच्चाई सामने लाकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह से लोगों को गुमराह और धमकाने की कोशिश न कर सके।