मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपने बिलासपुर दौरे के दौरान श्री नयना देवी विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घवांडल का निर्माण कार्य पूरा होने पर 50 बिस्तरों की क्षमता का अस्पताल बनाने और नकराणा में आयुर्वेदिक औषधालय खोलने घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने रावमापा स्वारघाट में विज्ञान कक्षाएं आरंभ करने की भी घोषणा की है।
इस मौके पर उन्होंने कई स्कूलों को अपग्रेड भी किया। इसमें प्राथमिक पाठशाला सरण को माध्यमिक पाठशाला, माध्यमिक पाठशाला झिड़ियां को उच्च पाठशाला, दबट, जामली और लखणू उच्च पाठशाला को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं के रूप में स्तरोन्नत करने का एलान किया है।
श्री नयना देवी में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों को सड़क सुविधा से जोड़ा गया है और हर गांव को वाहन योग्य सड़क सुविधा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। आज प्रदेश में 35000 किमी से अधिक सड़कें हैं। जबकि प्रदेश के गठन के समय मात्र 228 किमी लंबी सड़कें थीं। प्रदेश के सभी गांवों का विद्युतीकरण किया गया है और पेयजल और सिंचाई सुविधाओं का भी बड़े स्तर पर विस्तार हुआ है।
कहा कि वर्तमान में राज्य में 6 मेडिकल कॉलेज हैं। इनमें से चंबा, हमीरपुर और नाहन में मेडिकल कॉलेजों को शीघ्र कार्यशील बनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त, मंडी जिला के नेरचैक में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को भी शीघ्र कार्यशील बनाया जाएगा। इसके लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जा चुके हैं।
बिलासपुर जिला में एम्स की स्थापना भी की जाएगी। इससे प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के वर्तमान कार्यकाल में 27000 लोगों को केवल सरकारी क्षेत्र में ही रोजगार प्रदान किया है। शिमला जिला के ज्यूरी और कांगड़ा जिला के नगरोटा बगवां में इंजीनियरिंग कॉलेज खोले गए हैं और सिरमौर जिला में आईआईएम खोला जा रहा है।
नयनादेवी कॉलेज और सर्कुलर रोड का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने श्री नयना देवी कॉलेज का शुभारंभ किया और इस अकादमिक सत्र से कक्षाएं आरंभ करने की घोषणा की। उन्होंने 2.40 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सर्कुलर रोड का शुभारंभ भी किया।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता हिमाचल को शिक्षा का उत्कृष्ट केंद्र बनाना है। हजारों नए स्कूल खोलने के साथ-साथ आज राज्य में 115 डिग्री कॉलेज हैं। राज्य की साक्षरता दर 88 प्रतिशत है, जो कि केरल के बाद दूसरे स्थान पर है।
नम्होल में उपतहसील भवन की रखी आधारशिला
इससे पहले मुख्यमंत्री ने नम्होल में 1.1 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले उप तहसील भवन, राजपुरा में 40.13 लाख की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, श्री नयना देवी में 1.06 करोड़ की लागत से बनने वाली कार पार्किंग और घवांडल में 2.38 करोड़ की लागत से तैयार होने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की आधारशिलाएं भी रखीं।
इस मौके पर बीस सूत्रीय कार्यान्वयन समिति अध्यक्ष राम लाल ठाकुर, मुख्य संसदीय सचिव श्री राजेश धर्माणी सहित चेयरमैन जिला परिषद अमर जीत सिंह बगा,नयना देवी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रणजीत सिंह ठाकुर, जिप सदस्य तरसूह मस्त राम, श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष हरदीप सिंह बाबा,पूर्व विधायक बाबू राम गौतम, पूर्व विधायक तिलक राज ठाकुर, महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष बिलासुपर अंजना धीमान, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव विकास ठाकुर विभिन्न पंचायतों के प्रधान भी उपस्थित थे।