-वित्तीय लाभ न मिलने से पेंशनरों में सरकार के प्रति रोष
-घागस में आयोजित हुई इकाई बैठक, संगठन को मजबूत बनाने पर चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन सदर खंड के तहत घागस इकाई की बैठक घागस में प्रधान सदर राम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। इसमें जिला कार्यकारिणी के निर्देशानुसार संगठन के आगामी तीन वर्ष के चुनावों के बारे में चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 28 दिसंबर को घागस इकाई के चुनाव होंगे।
इकाई सचिव बाबू राम शर्मा ने पेंशनरों का स्वागत किया और अनुरोध किया गया कि इकाई के चुनावों में बढ़चढ़ कर भाग लेकर संगठन को मजबूत बनाने में अपना सहयोग दें। बैठक में 17 दिसंबर को अखिल भारतीय पेंशनर दिवस सम्मान समारोह में सम्मानित किए जाने वाले पेंशनर के बारे में भी चर्चा की गई। जिला कार्यकारिणी के सलाहकार जय कृष्ण शर्मा ने संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा सेवानिवृत्त हो रहे पेंशनरों को संगठन से जोड़ने का प्रयास करें। जिला महामंत्री चेतराम वर्मा ने कहा है कि सरकार के प्रति पेंशनरों के वित्तीय लाभ नहीं देने की वजह से भारी रोष है। सरकार एक तरफ कह रही है कि प्रदेश में कोई आर्थिक संकट नहीं है लेकिन पेंशनरों की लंबित देनदारियां भी नहीं दे रही हैं। इससे तो यह लगता है कि सरकार हर चौक चौराहे पर झूठ बोलकर गुमराह कर रही है जिससे पेंशनरों और आम जनता का सरकार के ऊपर से विश्वास उठ गया है। जो पेंशनर 1 जनवरी 2016 से जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत हुए हैं वो सबसे अधिक पीड़ित है। उनकी देनदारियों वित्तीय लाभ सरकार के पास लंबित है जिनकी अदायगी के लिए सरकार के पास कोई योजना नहीं है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि शीघ्र इसे देने का प्रबंध करें। बैठक में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।